दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में 16 वर्षीय घरेलू सहायिका को करीब 20 घंटे रोज काम कराने और कथित तौर पर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, लड़की को 3 और 4 नवंबर को अबुल फज़ल एन्क्लेव-II स्थित एक घर से छुड़ाया गया.

लड़की ने अधिकारियों को बताया कि वह सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक झाड़ू-पोंछा, बर्तन धोने और घर की सफाई का काम करती थी. उसके बयान के मुताबिक, उसे सुबह करीब 11 बजे चाय दी जाती थी और अक्सर बचा हुआ खाना दिया जाता था. उसने गर्म इस्त्री और चाकू से जलाने या घायल करने का भी आरोप लगाया.

एनजीओ के अनुसार, उसके शरीर पर पुराने जख्म, पीठ पर जलने के निशान और सिर पर गहरे घाव मिले. लड़की ने यह भी बताया कि उसे तीन दिन तक खाना-पानी नहीं दिया गया और माता-पिता से मिलने से रोका गया.

मामले में बाल एवं किशोर श्रम कानून और किशोर न्याय अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. लड़की को इलाज के लिए AIIMS भेजा गया. पुलिस के अनुसार, अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.