दिल्ली पुलिस ने 13 वर्षीय एक किशोर को कथित तौर पर अगवा करने के मामले में आरोपी को करीब तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आकाश के रूप में हुई है. उसने बच्चे की रिहाई के बदले उसकी मां से ₹40,000 की फिरौती मांगी थी.

मामला 30 अक्टूबर को सामने आया, जब बच्चे के घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने ज्योति नगर थाने में शिकायत की. इसके बाद आरोपी ने UPI के जरिए रकम भेजने को कहा और एक बारकोड साझा किया. पुलिस ने लेनदेन को ट्रैक करने के लिए एक पुलिसकर्मी के खाते से ₹5,000 भेजे.

जांच में यह भुगतान करावल नगर के एक साइबर कैफे तक पहुंचा. कैफे संचालक ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति नाबालिग लड़के के साथ आया था और ₹50 कमीशन लेकर बारकोड से भुगतान प्राप्त किया था. CCTV फुटेज देखने के बाद बच्चे की मां ने अपने बेटे की पहचान की.

पुलिस ने आरोपी को दोबारा उसी साइबर कैफे में बुलाने के लिए ₹5,000 का एक और लेनदेन किया. आरोपी बच्चे के साथ नकदी लेने पहुंचा, जहां पुलिस ने कैफे संचालक की मदद से उसे पकड़ लिया. पुलिस ने नकदी, कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और स्कूटर बरामद किया है. बच्चे को परिवार से मिला दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने वारदात अकेले की थी या किसी अन्य व्यक्ति की मदद ली थी.