नई दिल्ली में Anti-Narcotics Task Force (ANTF) प्रमुखों का तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन 22 और 23 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 22 सितंबर को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे.
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के अलावा संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. सम्मेलन की थीम “United Resolve, Shared Responsibility” रखी गई है.
बैठक में 2026-29 के Narcotics Control Vision Document के लक्ष्यों की समीक्षा की जाएगी. चर्चा का फोकस ड्रग तस्करी नेटवर्क और कार्टेल को खत्म करने, सप्लाई और डिमांड रिडक्शन, नुकसान कम करने तथा राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर रहेगा.
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने वाले TVCs जारी करेंगे. लखनऊ और देहरादून में NCB जोन के नए परिसरों की आधारशिला भी रखी जाएगी. बेहतर प्रदर्शन करने वाली ANTF को सम्मानित किया जाएगा और NCB की नई वेबसाइट लॉन्च होगी. सम्मेलन में प्रीकर्सर व सिंथेटिक ड्रग्स, अवैध खेती, डार्कनेट और क्रिप्टो जांच जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र भी होंगे.
