छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने आनंद विहार बस टर्मिनल से 77 अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू की हैं. यह सुविधा खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है जिन्हें ट्रेनों में टिकट या कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है.
पहले चरण में बसें बिहार के पांच डिवीजनों के लिए चलेंगी. मुजफ्फरपुर के लिए 36, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए छह बसें निर्धारित की गई हैं.
यात्रियों को नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर श्रेणियों का विकल्प मिलेगा. रूट और बस की श्रेणी के अनुसार किराये में 134 रुपये से 1,028 रुपये तक की छूट दी जा रही है. उदाहरण के तौर पर पटना-दिल्ली मार्ग पर नॉन-एसी सीटर का किराया 1,615 रुपये से घटाकर 1,221 रुपये और एसी सीटर का किराया 1,980 रुपये से घटाकर 1,361 रुपये किया गया है.
प्रस्तावित व्यवस्था में दिल्ली को पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बक्सर, नवादा, मधुबनी और बिहारशरीफ जैसे शहरों से जोड़ने वाले 18 मार्ग शामिल हैं. बसों के लिए BS-6 या उससे बेहतर मानक, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और इमरजेंसी बटन अनिवार्य किए गए हैं.
