नई दिल्ली में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित INDIA bloc की रैली को लेकर व्यापारियों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच गतिरोध जारी है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल गांधी से 20 प्रमुख बाजारों के प्रतिनिधियों के साथ 20 मिनट की बैठक करने का आग्रह किया है.

CTI के अध्यक्ष बृजेश गोयल के पत्र के मुताबिक, यदि राहुल गांधी यह समझा देते हैं कि रैली से व्यापार और ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी, तो संगठन तत्काल अपना विरोध वापस लेकर आयोजन का स्वागत करेगा. इसके विपरीत, यदि व्यापारी यह साबित कर दें कि रैली से कारोबार प्रभावित होगा, तो संगठन ने रैली को दीपावली के बाद तक टालने की मांग की है.

CTI का कहना है कि रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, भगीरथ पैलेस, करोल बाग, चावड़ी बाजार और दरियागंज समेत कई थोक और खुदरा बाजार हैं. व्यापारियों को आशंका है कि यातायात प्रतिबंध, बैरिकेडिंग और आवाजाही में बाधा से त्योहारी खरीदारी प्रभावित हो सकती है.

संगठन ने कहा कि वह टकराव नहीं, संवाद चाहता है. इससे पहले CTI रैली को 10 नवंबर के बाद कराने की अपील कर चुका है.