नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में कारोबारियों ने राजनीतिक दलों और प्रदर्शनकारियों से बाजार क्षेत्र में प्रदर्शन नहीं करने की अपील की है. नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कहा कि प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए, क्योंकि कनॉट प्लेस कारोबार और रोजमर्रा की आजीविका का केंद्र है.
यह अपील Cockroach Janta Party के 16 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘Lehra Do Tiranga’ कार्यक्रम से पहले सामने आई है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ पार्क में जुटने का आह्वान किया है.
ट्रेडर्स एसोसिएशन के अनुसार, पिछले करीब तीन हफ्तों से जारी प्रदर्शनों के कारण दुकानों की बिक्री प्रभावित हुई है. दुकानदारों के अलावा वेटर, ड्राइवर, रेहड़ी-पटरी वालों और अन्य कर्मचारियों की आजीविका पर भी असर पड़ने का दावा किया गया है. कारोबारियों ने सड़क बंद होने, यातायात बाधित होने और पर्यटकों तथा परिवारों की आवाजाही घटने की बात कही.
एसोसिएशन ने कहा कि प्रदर्शन करना लोगों का अधिकार है, लेकिन कारोबारियों को शांतिपूर्वक आजीविका कमाने का भी अधिकार है. उसने बाजार क्षेत्र को बाधित न करने और विरोध-प्रदर्शनों के लिए स्वीकृत स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब दिल्ली पुलिस के 11 अक्टूबर के आदेश में रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD मैदान को प्रदर्शन स्थलों के रूप में चिन्हित किया गया है.
