नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA bloc की रैली को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से रैली को 10 नवंबर यानी भाई दूज के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया है.

व्यापारी संगठन का कहना है कि रैली के दौरान बैरिकेडिंग, यातायात मार्गों में बदलाव और संभावित मेट्रो प्रतिबंधों से केंद्रीय दिल्ली के बाजारों में कारोबार प्रभावित हो सकता है. CTI के अनुसार, रैली से करीब 10,000 करोड़ रुपये तक के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है.

संगठन ने बताया कि धनतेरस 6 नवंबर, दिवाली 8 नवंबर और भाई दूज 10 नवंबर को है. CTI का दावा है कि धनतेरस के आसपास दिल्ली में सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, मिठाई, फर्नीचर, ऑटोमोबाइल और उपहारों से जुड़े कारोबार का मूल्य लगभग 25,000 करोड़ रुपये तक पहुंचता है.

रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस और करोल बाग समेत करीब 20 बड़े थोक और खुदरा बाजार हैं. व्यापारियों ने यह भी कहा कि अक्टूबर में केंद्रीय दिल्ली में सड़क बंदी और यातायात डायवर्जन से कारोबार को पहले ही करीब 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.