नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम के मद्देनजर बुधवार, 7 अक्टूबर को कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा. कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में आयोजित होना है. ट्रैफिक प्रतिबंध सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रभावी रहने की जानकारी दी गई है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग यानी रिंग रोड, आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर यातायात स्थिति के आधार पर बदलाव किया जाएगा. शांति वन क्रॉसिंग-राजघाट-भैरों मार्ग, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर-आईपी फ्लाईओवर-सलीमगढ़ बाईपास और दिल्ली गेट से जुड़े हिस्से भी प्रभावित रहेंगे.
आईटीओ से यमुना ब्रिज तक आईपी मार्ग और विकास मार्ग के दोनों कैरिजवे तथा राजघाट-किसान घाट मार्ग पर भी यातायात नियंत्रित किया जा सकता है. सचिवालय रोड और वेलोड्रोम रोड पर सुबह 6 बजे से वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है.
पुलिस ने यात्रियों से संभव हो तो इन मार्गों से बचने की अपील की है. प्रभावित हिस्सों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी. नियम तोड़ने पर वाहन टो किए जाने और कार्रवाई का प्रावधान है.
