नई दिल्ली: दिल्ली में बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को इंदिरा गांधी स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के आसपास सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. दिल्ली बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है. बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यह व्यवस्था की है.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, हालात के आधार पर बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग यानी रिंग रोड, आई.पी. मार्ग और विकास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित या डायवर्ट की जा सकती है. दिल्ली के अलग-अलग संगठनात्मक मंडलों से बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुलूस भी कार्यक्रम स्थल की ओर पहुंचेंगे.

यात्रियों से इन मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने, यात्रा पहले से प्लान करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की गई है. वाहन चालकों को ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है.