दिल्ली में 11 अक्टूबर को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों के मद्देनजर यातायात प्रभावित रह सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 6 बजे से सेंट्रल दिल्ली और लुटियंस जोन के करीब 30 प्रमुख चौराहों, गोलचक्करों और उनसे जुड़ने वाली सड़कों पर डायवर्जन लागू किया जा सकता है. पुलिस ने कहा है कि यातायात व्यवस्था मौके के हालात के आधार पर बदली जाएगी.

कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, धौला कुआं, आईटीओ और आसपास के इलाकों में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. प्रभावित स्थानों में शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान और पंचकुइयां गोलचक्कर, मिंटो रोड-दींन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड-कनॉट प्लेस टी-पॉइंट शामिल हैं.

इसके अलावा भैरों रोड-एमजीएम टी-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भिकाजी कामा प्लेस अंडरपास, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे का मार्ग, विंडसर पैलेस, रेल भवन, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर पर भी आवाजाही प्रभावित हो सकती है. कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल से बाराखंबा रोड और संसद मार्ग की ओर जाने वाले टी-पॉइंट भी सूची में हैं.

यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह

नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, ISBT या इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है. पुलिस ने सेंट्रल और लुटियंस दिल्ली के लिए निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. वाहन चालक प्रभावित मार्गों से बचते हुए बाहरी रिंग रोड या अन्य उपलब्ध वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर सकते हैं.