नई दिल्ली: दिल्ली में शनिवार, 21 नवंबर को शादियों और भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दक्षिण दिल्ली में 27 से अधिक विवाह समारोह आयोजित हो रहे हैं. इन कार्यक्रमों में 12 हजार से ज्यादा मेहमानों के पहुंचने और करीब 5 हजार अतिरिक्त वाहनों के सड़कों पर आने का अनुमान है.
यातायात पुलिस ने बताया कि SSN Marg यानी भाटी माइंस रोड, 100 फुटा रोड, अनुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जोनापुर रोड, मेहरौली-गुरुग्राम रोड और मेहरौली-महिपालपुर रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है. यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त कर्मियों की तैनाती की गई है.
पुलिस ने लोगों से संभव हो तो इन मार्गों से बचने, दिल्ली मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है. विवाह समारोहों में आने वाले लोगों से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने को कहा गया है.
भारत मंडपम में 45वां India International Trade Fair 19 से 27 नवंबर तक चल रहा है. मेले में आने वाले लोगों को निर्धारित प्रवेश और पार्किंग द्वारों का उपयोग करने तथा यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
