दिल्ली के यमुना पार क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 1,090 नए विकास प्रस्ताव सामने आए हैं. Trans-Yamuna Area Development Board की 62वीं बैठक में इन प्रस्तावों पर विचार और स्वीकृति की प्रक्रिया को लेकर चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के चेयरमैन अरविंदर सिंह लवली ने की.

बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से मिले प्रस्तावों के साथ चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और बजट से जुड़ी जरूरतों की समीक्षा की गई. अधिकारियों के अनुसार, मंजूर कार्यों की पहली और दूसरी किस्त के रूप में 110.10 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं. पहले से स्वीकृत योजनाओं की लंबित वित्तीय देनदारियों पर भी चर्चा हुई.

बोर्ड ने सड़कों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, फुटओवरब्रिज और अन्य जरूरी ढांचागत सुविधाओं की व्यापक सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं. इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की योजना है.

विकास कार्यों की निगरानी के लिए विभागीय पोर्टल पर परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी रखने की बात कही गई. बोर्ड अब हर तीन महीने में बैठक कर प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन संबंधी अड़चनों की समीक्षा करेगा.