दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज में 75 वर्षीय कैंसर पीड़ित महिला कथित ‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर ठगी का शिकार हो गईं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें 6 अप्रैल को लैंडलाइन पर अनजान नंबर से फोन आया. कॉल करने वालों ने महिला को मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जोड़ने का दावा किया और जांच के नाम पर लगातार दबाव बनाया.

ठगों ने कथित तौर पर महिला से करीब 3 लाख रुपये ट्रांसफर कराए. इसके अलावा, उन्हें लगभग 5 लाख रुपये का गोल्ड लोन लेने के लिए गहने गिरवी रखने पड़े. रिपोर्ट के मुताबिक, गिरवी रखे गए गहनों का वजन 83.5 ग्राम था और उनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई.

आरोप है कि दबाव के चलते महिला ने वसंत कुंज स्थित अपना घर भी बेच दिया, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक थी. महिला अकेली रहती हैं और उनकी बेटी नीदरलैंड्स में रहती हैं.

‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी में अपराधी खुद को पुलिस या जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर पीड़ितों को गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं. किसी भी सरकारी एजेंसी की ऐसी कार्रवाई फोन या वीडियो कॉल पर नहीं होती.