दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए 1 नवंबर 2026 से वाहनों से जुड़े नए प्रतिबंध लागू होंगे. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवायजरी के अनुसार, संशोधित ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की पात्रता जांची जाएगी. ये प्रतिबंध 31 जनवरी तक लागू रहने की बात कही गई है.
किन वाहनों को प्रवेश की अनुमति
BS-VI मानकों का पालन करने वाले वाहन, CNG वाहन और इलेक्ट्रिक वाहन इस व्यवस्था के तहत प्रवेश कर सकेंगे. इसके अलावा नियमों के तहत छूट प्राप्त वाहनों को भी अनुमति दी जाएगी. वाहन चालकों को यात्रा शुरू करने से पहले अपने वाहन की पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी गई है.
गैर-BS-VI और बिना PUCC वाले वाहनों पर रोक
दिल्ली के बाहर पंजीकृत ऐसे वाहन जो BS-VI से कम उत्सर्जन मानकों वाले हैं, उन्हें दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUCC के बिना वाहनों पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा. इसलिए वाहन चालकों को यात्रा से पहले वैध PUCC रखना जरूरी होगा.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की जानकारी के मुताबिक, नियमों का पालन नहीं करने वाली अंतरराज्यीय बसों पर भी कार्रवाई की जा सकती है. ट्रैक्टर और ‘जुगाड़’ वाहनों पर भी लागू प्रावधानों के तहत पाबंदी रहेगी.
दिल्ली जाने वाले ट्रकों के लिए निर्देश
जिन ट्रकों का गंतव्य दिल्ली नहीं है, उन्हें शहर में प्रवेश नहीं करना होगा. ऐसे ट्रकों को पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. इससे दिल्ली के भीतर अनावश्यक भारी वाहनों की आवाजाही कम करने का उद्देश्य है.
प्रदूषण नियंत्रण उपायों के तहत वैध PUCC के बिना वाहनों को ईंधन नहीं देने की नीति भी लागू रहने की जानकारी दी गई है. निजी वाहनों के अधिकृत पार्किंग स्थलों के शुल्क में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया गया है, जबकि इलेक्ट्रिक वाहनों को इस शुल्क में छूट दी गई है.
यातायात संबंधी सहायता के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 011-25844444 और 1095 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
