पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर में फटे 10 रुपये के नोट को लेकर हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय डिलीवरी कर्मचारी समीर हुसैन की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, समीर 4 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे एक कॉफी ऑर्डर पहुंचाने ग्राहक रामपाल सिंह के घर गए थे. भुगतान के दौरान एक फटा हुआ नोट देने पर उन्होंने उसे बदलने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.

पुलिस और परिजनों के मुताबिक, बहस के दौरान समीर के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद समीर ने शिकायत दर्ज कराई थी. बाद में उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया और 5 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया. 20 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने ग्राहक रामपाल सिंह और उसके पड़ोसी राकेश उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले दर्ज मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 जोड़ी गई है. जांच जारी है. पुलिस को समीर के फोन से घटना से संबंधित वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है.