पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार को एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं. घटना गली नंबर 11 की बताई गई है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर चार लोगों को मृत पाया गया, जबकि दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
अधिकारी के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग मकान में बने ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू होने का संदेह है. आग से पहली मंजिल पर सो रहे लोग प्रभावित हुए. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए पानी का टैंकर, पानी का बैरल और क्विक रिस्पॉन्स वाहन मौके पर भेजे गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आग से हुए नुकसान और मृतकों व घायलों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
