नई दिल्ली के शाहदरा इलाके के विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए. हादसा गली नंबर 11 में सुबह करीब 4:15 बजे हुआ.
दिल्ली फायर सर्विस के कर्मचारियों ने इमारत के मेजेनाइन फ्लोर से छह लोगों को बाहर निकाला. सभी को एंबुलेंस और PCR वाहनों से हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. दो घायलों को करीब 10 प्रतिशत तक जलने की चोटें बताई गई हैं.
अधिकारियों के अनुसार, आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू होने की आशंका है. पहली मंजिल पर सो रहे लोग इसकी चपेट में आए. मौके पर चार दमकल गाड़ियां भेजी गईं और आग पर करीब 5 बजे तक काबू पा लिया गया.
पुलिस ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के आधार पर चार्जिंग पॉइंट को संभावित स्रोत माना जा रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.
