दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नाम जोड़ने के लिए 3,26,163 आवेदन प्राप्त हुए हैं. ये आवेदन 31 अगस्त से 22 नवंबर के बीच दाखिल किए गए. दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 तय है.

निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में नाम हटाने से जुड़े Form-7 के 34,602 आवेदन और मतदाता विवरण में सुधार, पता बदलने या मतदाता पहचान पत्र बदलने से जुड़े Form-8 के 1,22,268 आवेदन भी मिले.

22 नवंबर तक Form-6 के 2,81,360 आवेदन निपटाए जा चुके थे. इसी तरह Form-7 के 34,204 और Form-8 के 2,64,688 आवेदनों का भी निपटारा किया गया है.

Form-6 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए किया जाता है. एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक इस प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं. चुनाव अधिकारियों ने पात्र मतदाताओं से समयसीमा समाप्त होने से पहले आवेदन या आपत्ति दाखिल करने की अपील की है.

दावे और आपत्तियों पर कार्रवाई के बाद दिल्ली की संशोधित अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी.