नई दिल्ली. दिल्ली में पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, राजधानी के सभी मतदान केंद्रों पर 18 अक्टूबर और 25 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे.

इन शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए. शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी उपलब्ध रहेंगे और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, दर्ज जानकारी की जांच कराने तथा आवश्यक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने में सहायता करेंगे.

फॉर्म-6 से नाम जोड़ने की सुविधा

जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. निर्वाचन विभाग ने मतदाता संबंधी सहायता के लिए 1950 हेल्पलाइन का भी उल्लेख किया है.

यह अभियान दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के बीच आयोजित किया जा रहा है. मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने नाम की स्थिति जांचें और जरूरत होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें.