दिल्ली जल बोर्ड पानी उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अपडेट करने के लिए घर-घर e-KYC सत्यापन अभियान चला रहा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अगले छह महीनों में 26 लाख से अधिक उपभोक्ताओं का सत्यापन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
अभियान के दौरान जल कनेक्शन और संपत्ति का पता सत्यापित किया जाएगा. उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर अपडेट करने के साथ पानी के मीटर की मौजूदा स्थिति भी दर्ज की जाएगी. मीटर की लाइव तस्वीर और कनेक्शन की GPS टैगिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है.
दिल्ली जल बोर्ड के इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता डेटाबेस को व्यवस्थित करना और पानी की बिलिंग से जुड़ी गड़बड़ियों को कम करना है. व्यापक e-KYC प्रक्रिया के जरिए मीटर रीडिंग, बिल तैयार करने और बिल वितरण को अधिक व्यवस्थित बनाने की योजना है.
उपभोक्ताओं के लिए सावधानी
e-KYC प्रक्रिया के लिए किसी शुल्क का भुगतान नहीं करना है. घर आने वाले सर्वेयर का आधिकारिक पहचान-पत्र जांचने की सलाह दी गई है. उपभोक्ताओं को OTP या मूल दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने को कहा गया है. सहायता के लिए दिल्ली जल बोर्ड की हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क किया जा सकता है.
