दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार 12 अक्टूबर को दिल्ली समेत हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली और पंजाब समेत कुछ इलाकों में 12 से 15 अक्टूबर के बीच गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चलने का अनुमान है.

दिल्ली-एनसीआर में 14 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

पूर्वानुमान के मुताबिक 12 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह दक्षिण-पूर्वी हवा की गति करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने, दोपहर में घटकर 18 किलोमीटर प्रति घंटा होने और शाम-रात में फिर लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है.

13 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दिन अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं हुआ. अधिकतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से नीचे रहा, जबकि न्यूनतम तापमान कुछ इलाकों में सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया.

मॉनसून की वापसी के बीच सावधानी

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं. अगले दो दिनों में पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और हिस्सों से मॉनसून के पीछे हटने की संभावना है. इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा.

लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या ऊंची इमारतों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों से फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है.