नई दिल्ली में 29 और 30 अक्टूबर की रात हुई बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ली. भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में दिल्ली में 61.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. यह अक्टूबर का पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक बारिश वाला दिन रहा.

इससे पहले अक्टूबर 2022 में 9 अक्टूबर को दिल्ली में 74 मिमी बारिश दर्ज की गई थी. इस महीने की कुल बारिश अब 123.3 मिमी पहुंच गई है. वर्ष 2022 में अक्टूबर की पूरी अवधि में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई थी.

कई इलाकों में भारी बारिश

सुबह 8:30 बजे तक जहरोदा कलां में सबसे ज्यादा 89 मिमी बारिश दर्ज हुई. इसके बाद लोधी रोड में 63 मिमी और सफदरजंग में 56.5 मिमी बारिश हुई. लगातार बारिश से राजधानी में ठंडक बढ़ी और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. विभाग ने कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम में 31 अक्टूबर से सुधार आने और आसमान आंशिक रूप से साफ रहने का अनुमान है.