दिल्ली में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार ने विंटर एक्शन प्लान की घोषणा की है. इसके तहत 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-VI से नीचे के उत्सर्जन मानक वाले वाहनों को राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इसमें BS-III और BS-IV मानक वाले वाहन शामिल हो सकते हैं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, यह प्रतिबंध राजधानी की हवा में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए लागू किया जाएगा. योजना की अवधि के दौरान सरकार लोगों से सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और कम प्रदूषण वाले साधनों का इस्तेमाल करने की अपील करेगी. इलेक्ट्रिक बसों, मेट्रो और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की भी बात कही गई है.
PUCC और निर्माण कार्यों पर सख्ती
योजना में ‘नो वैलिड PUCC, नो फ्यूल’ नीति लागू करने का भी प्रावधान है. इसके तहत वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं रखने वाले वाहनों को पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा.
सर्दियों में धूल से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कामों पर पाबंदियां लगाई जाएंगी. सीमेंट, रेत और गिट्टी जैसे निर्माण सामग्री के परिवहन पर भी रोक या नियंत्रण लागू किया जाएगा. निर्माण स्थलों की निगरानी AI तकनीक वाले कैमरों से की जाएगी. ये कैमरे सरकारी कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुड़े होंगे, ताकि नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जा सके.
सरकारी और निजी दफ्तरों में 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम
ट्रैफिक और उससे होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र के दफ्तरों में 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम लागू करने की घोषणा की गई है. अलग-अलग कार्यालयों के काम शुरू और खत्म होने के समय में भी बदलाव किया जाएगा, ताकि एक ही समय पर सड़कों पर वाहनों का दबाव न बढ़े.
सरकार ने लोगों से प्रदूषण नियंत्रण के इन उपायों में सहयोग करने की अपील की है.
