दिल्ली में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए शीतकालीन एक्शन प्लान 1 नवंबर से लागू हो गया है. यह व्यवस्था हर साल 28 फरवरी तक प्रभावी रहेगी. सरकार का फोकस वाहन उत्सर्जन, निर्माण-धूल, सड़क की धूल और खुले में कचरा जलाने जैसी गतिविधियों पर है.
योजना के तहत वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना वाहनों को ईंधन नहीं देने की व्यवस्था लागू की गई है. दिल्ली में बाहर से आने वाले पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी रोक लगाने का प्रावधान है. निजी और सरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम कराने की व्यवस्था भी योजना का हिस्सा है.
धूल नियंत्रण के लिए 1 नवंबर से 31 जनवरी तक धूल पैदा करने वाली तोड़फोड़ और खुले में होने वाले सिविल निर्माण कार्यों पर रोक रहेगी. 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की योजना है. अधिकारियों को कचरा प्रबंधन, सड़क सफाई और नियमों के उल्लंघन पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
