दिल्ली में एक महिला से कथित तौर पर 71 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वीडियो कॉल कर खुद को मुंबई में तैनात IPS अधिकारी बताया और महिला को उसके नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड से 6.5 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग होने का डर दिखाया.

महिला को गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत में भेजने की धमकी दी गई. आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने और वेरिफिकेशन के नाम पर बताए गए बैंक खातों में रकम जमा कराने को कहा. डर के कारण महिला ने दो बार में कुल 71 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.

बैंक खातों की जांच से भोपाल तक पहुंची पुलिस

महिला की शिकायत पर 8 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में ई-FIR दर्ज की गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस की IFSO टीम ने रकम के लेन-देन और उन बैंक खातों की जांच शुरू की, जिनमें ठगी का पैसा पहुंचा था. जांच में रकम को अलग-अलग खातों के जरिए आगे भेजे जाने की जानकारी सामने आई.

पुलिस ने इसी जांच के आधार पर मध्य प्रदेश के भोपाल से दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में 31 वर्षीय महिला, 28 वर्षीय अमन सोनी और उसकी 30 वर्षीय बहन शामिल हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने बैंक खातों के जरिए रकम हासिल करने, निकालने और आगे भेजने में मदद कर रहे थे. उनके साथ कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

15 लाख रुपये निकाले गए, तीन फोन बरामद

जांच के दौरान करीब 15 लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम का एक हिस्सा महंगे मोबाइल फोन खरीदने में खर्च किया गया. टीम ने ऐसे तीन नए मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार, इस मामले में म्यूल बैंक अकाउंट नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया. ऐसे खातों के जरिए ठगी की रकम को कई खातों में भेजकर उसका पता लगाना मुश्किल बनाने की कोशिश की जाती है. दिल्ली पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और 71 लाख रुपये के पूरे लेन-देन की जांच कर रही है.