दिल्ली में महिलाओं और लड़कियों के लिए बस स्टॉप या मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने का रास्ता भी असुरक्षा से जुड़ा हुआ है. Centre for Equity and Inclusion (CEQUIN) के अध्ययन के अनुसार, सर्वेक्षण में शामिल 1,588 महिलाओं, लड़कियों और LGBTQ+ लोगों में से 87.5% ने कहा कि उन्हें अंधेरा होने के बाद नजदीकी बस स्टॉप या मेट्रो स्टेशन तक पैदल जाने में सुरक्षित महसूस नहीं होता.
अध्ययन के मुताबिक, 88.9% प्रतिभागियों ने रात में अपने नजदीकी सार्वजनिक पार्क को असुरक्षित बताया. दिन में भी 54% लोगों ने पार्कों में असुरक्षा महसूस होने की बात कही. वहीं, 76.4% ने फुटपाथों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और 60% ने फुटपाथों के टूटे या गायब होने की शिकायत की.
लगभग 79.5% प्रतिभागियों ने कहा कि पुरुषों का घूरना, अशोभनीय टिप्पणियां करना, सीटी बजाना या पीछा करना उनकी रोजमर्रा की यात्रा को असुरक्षित बनाता है. 80.5% लोग किसी एक ऐसी civic authority की पहचान नहीं कर सके, जो फुटपाथ या पार्कों की देखरेख के लिए जिम्मेदार हो.
CEQUIN ने बेहतर रोशनी और मरम्मत किए गए फुटपाथ, स्पष्ट प्रशासनिक जवाबदेही, शाम की गश्त में अधिक महिला पुलिसकर्मियों और सार्वजनिक पार्कों के लिए अनिवार्य सुरक्षा मानकों की सिफारिश की है. संगठन इन सिफारिशों को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रखने की तैयारी में है.
