नई दिल्ली में महिला संगठनों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक मार्च किया. उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों पर महिलाओं और जेंडर-विविध प्रदर्शनकारियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न, हिंसा और दुर्व्यवहार के आरोपों में कार्रवाई की मांग की.

प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास एकत्र हुए और वहां से पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़े. संगठनों ने ज्ञापन देकर आरोपों की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई तथा कथित दंडमुक्ति खत्म करने की मांग की.

संगठनों के बयान के अनुसार, 20 जुलाई से पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो, तस्वीरों और प्रत्यक्ष अनुभवों में महिलाओं, ट्रांसजेंडर और गैर-द्विआधारी प्रदर्शनकारियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न और शारीरिक हिंसा दर्ज है. उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर के बाद ऐसी शिकायतें बढ़ीं.

प्रदर्शनकारियों ने हिरासत बसों और केंद्रों के भीतर भी कथित यौन हिंसा होने का आरोप लगाया. एक महिला पत्रकार ने सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी पर अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है. दिल्ली पुलिस ने इससे जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए महिला प्रदर्शनकारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार की बात कही है.