दिल्ली में यमुना नदी पर प्रस्तावित ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का ट्रायल शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सेवा का निरीक्षण किया. उनके साथ दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे.
सरकार की योजना छठ पर्व से पहले इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन करने की है. शुरुआती चरण में क्रूज सोनिया विहार और जगतपुर के बीच करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर चलाने का प्रस्ताव है. एक यात्रा लगभग 40 मिनट की होगी और क्रूज में करीब 30 यात्रियों के बैठने की क्षमता बताई गई है. प्रति यात्री किराया 500 रुपये तय किए जाने की जानकारी सामने आई है.
ट्रायल अवधि चार से पांच दिन चलने की संभावना है. इसका उद्देश्य संचालन, सुरक्षा और यात्रियों से जुड़ी व्यवस्थाओं का आकलन करना है. मुख्यमंत्री ने इसे दिल्लीवासियों के लिए मनोरंजन और परिवार के साथ समय बिताने का नया अवसर बताया.
सरकार के अनुसार, परियोजना में नदी के प्राकृतिक वातावरण और यमुना की स्वच्छता का ध्यान रखने की बात कही गई है. व्यापक नदी सफाई और सीवेज प्रबंधन का काम अलग-अलग परियोजनाओं के तहत जारी है.
