दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने विशेष परिचालन व्यवस्था की है. DMRC के अनुसार, कॉन्सर्ट वाले दिन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो को छोड़कर सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं आधी रात तक उपलब्ध रहेंगी. दर्शकों की वापसी को सुगम बनाने के लिए नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेन यात्राएं भी संचालित की जाएंगी.

यह कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ के ‘Aura India Tour 2026’ का हिस्सा है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और आसपास के इलाकों में 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से आधी रात तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं.

कॉन्सर्ट में जाने वाले यात्रियों को Violet Line से JLN Stadium या Jangpura स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है. Yellow Line से आने वाले यात्री INA या Jor Bagh स्टेशन पर उतरकर निर्धारित ड्रॉप-ऑफ पॉइंट तक जा सकते हैं. स्टेडियम के आसपास आम लोगों के लिए पार्किंग उपलब्ध नहीं होगी. कैब, ऑटो और टैक्सियों को केवल तय स्थानों पर यात्रियों को उतारने या लेने की अनुमति होगी.