दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा-अक्षरधाम यूपी लिंक रोड पर डीएनडी इंटरसेक्शन को बंद करने की योजना के तहत वैकल्पिक यू-टर्न का चरणबद्ध ट्रायल शुरू किया है. अधिकारियों के अनुसार, दिवाली के बाद ट्रायल रिपोर्ट की समीक्षा कर इंटरसेक्शन को पूरी तरह बंद करने पर फैसला लिया जाएगा.

पहले चरण में मयूर विहार स्थित स्टार सिटी मॉल के पास बने यू-टर्न पर वाहनों की आवाजाही परखी जा रही है. ट्रायल के दौरान वाहनों की गति, यातायात की मात्रा और पीक आवर्स में बनने वाले दबाव की निगरानी की जा रही है. यह भी देखा जा रहा है कि वाहन चालकों को यू-टर्न लेने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही.

दूसरे चरण में अगले सप्ताह डीएनडी इंटरसेक्शन के पास मौजूद पुराने यू-टर्न पर ट्रायल शुरू किया जाएगा. इसे अधिक व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि ज्यादा वाहन सुगमता से मुड़ सकें.

प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर नोएडा और डीएनडी से आने वाले वाहनों को गाजीपुर रोड, न्यू अशोक नगर, चिल्ला गांव, त्रिलोकपुरी और वसुंधरा एन्क्लेव की ओर जाने के लिए स्टार सिटी मॉल यू-टर्न लेना होगा. वहीं, न्यू अशोक नगर और त्रिलोकपुरी की ओर से डीएनडी या अक्षरधाम जाने वाले वाहन इंटरसेक्शन के पास पुराने यू-टर्न से मुड़ेंगे.