दिल्ली में DTC बस चालकों की हड़ताल के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी के बीच Delhi Metro Rail Corporation (DMRC) ने अतिरिक्त सेवाएं बढ़ाने का फैसला किया है. यात्रियों की बढ़ती संख्या और पीक आवर्स में दबाव को देखते हुए बुधवार को मेट्रो नेटवर्क पर आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं.

DMRC के अनुसार, यह व्यवस्था 17 सितंबर को भी जारी रहेगी. यात्रियों की जरूरत के मुताबिक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच आठ अतिरिक्त ट्रेनें नेटवर्क में शामिल की जाएंगी. इसके अलावा, पूरे नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप बढ़ाए गए हैं, ताकि बस सेवा प्रभावित होने से मेट्रो में बढ़ी भीड़ को संभाला जा सके.

DTC बस चालकों की हड़ताल के कारण दिल्ली में बस परिवहन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, हड़ताल कर रहे चालक वेतन वृद्धि, चिकित्सा सुविधाओं और ओवरटाइम भुगतान जैसी मांगें उठा रहे हैं.

DMRC ने यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और उपलब्ध मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है.