दिल्ली विश्वविद्यालय में AVASAR 2026 प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन 7 अक्टूबर को किया जा रहा है. कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नॉर्थ कैंपस स्थित मल्टीपर्पज हॉल, गेट नंबर 2, जीसी नरंग मार्ग पर चलेगा.
विश्वविद्यालय के मुताबिक, इस ड्राइव में करीब 85 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है. इसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक छात्र-छात्राओं के साथ पूर्व छात्र भी भाग ले सकते हैं. यह विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित AVASAR का दूसरा वर्ष है.
नौकरी और इंटर्नशिप के अवसर
डीयू की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ड्राइव में उपलब्ध नौकरियों के लिए सबसे अधिक सालाना पैकेज 10 लाख रुपये से ज्यादा हो सकता है. इंटर्नशिप के लिए चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 60,000 रुपये तक का स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है. वास्तविक पैकेज और स्टाइपेंड कंपनी तथा चयनित भूमिका पर निर्भर होंगे.
इस पहल का उद्देश्य छात्रों और कंपनियों के बीच सीधा संपर्क बनाना है, ताकि विद्यार्थी विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध अवसरों को समझ सकें और अपनी योग्यता व कौशल के अनुरूप नौकरी या इंटर्नशिप तलाश सकें.
छात्रों के लिए जरूरी दस्तावेज
ड्राइव में पहुंचने वाले छात्रों को अपना अपडेटेड रिज्यूम या सीवी की कई प्रतियां, आधार कार्ड, कॉलेज आईडी या अन्य वैध पहचान-पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ ले जाने को कहा गया है.
