दिल्ली विश्वविद्यालय में कार्यकारी परिषद और अकादमिक परिषद के सदस्य चुनने के लिए 4 फरवरी 2027 को चुनाव होंगे. विश्वविद्यालय ने कॉलेजों और संस्थानों के प्राचार्यों तथा निदेशकों को इस संबंध में जानकारी दी है.
इन चुनावों में कार्यकारी परिषद के लिए दो प्रतिनिधि और अकादमिक परिषद के लिए 26 प्रतिनिधि चुने जाएंगे. दोनों निकायों में शिक्षक और निर्धारित पात्रता वाले पुस्तकालय कर्मचारी मतदान एवं चुनाव प्रक्रिया में शामिल होंगे.
चुनाव कार्यक्रम
जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र 23 दिसंबर 2026 के बाद से 4 जनवरी 2027 तक जमा किए जा सकेंगे. इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी. उम्मीदवार 8 जनवरी तक नाम वापस ले सकेंगे, जबकि अंतिम उम्मीदवार सूची 11 जनवरी को शाम पांच बजे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
कार्यकारी परिषद का चुनाव विश्वविद्यालय के Statute 5(1)(xi) के तहत होगा. इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक तथा प्रोफेशनल जूनियर या उससे ऊपर के स्तर के पात्र पुस्तकालय कर्मचारी और कॉलेज लाइब्रेरियन शामिल हैं. डीन, कॉलेज प्राचार्य और प्रॉक्टर इस श्रेणी में शामिल नहीं होंगे.
अकादमिक परिषद के 26 सदस्यों का चुनाव Statute 7(1)(xii) के तहत होना है. प्रावधानों में महिलाओं, चिकित्सा विज्ञान संकाय तथा गैर-चिकित्सा पेशेवर पाठ्यक्रमों से जुड़े शिक्षकों के प्रतिनिधित्व की शर्तें भी निर्धारित हैं.
