दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में पीएचडी दाखिला प्रक्रिया को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) ने प्रदर्शन किया. छात्र संगठनों के विरोध के बाद 28 अक्टूबर को निर्धारित पीएचडी इंटरव्यू नहीं हो सके.

विवाद की मुख्य वजह 27 अक्टूबर की शाम जारी किया गया नोटिफिकेशन बताया जा रहा है. इसमें चयनित अभ्यर्थियों को 28 अक्टूबर सुबह 9:15 बजे विभाग में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया था. पहली इंटरव्यू शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से शुरू होनी थी, जिसमें 45 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था. दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से प्रस्तावित थी और इसमें 27 उम्मीदवार शामिल होने थे. अन्य इंटरव्यू 29, 30 और 31 अक्टूबर को निर्धारित थे.

ABVP और DUSU ने आरोप लगाया कि इतने कम समय में दूसरे राज्यों से आने वाले उम्मीदवारों के लिए दिल्ली पहुंचना मुश्किल था. छात्र संगठनों ने NET-qualified और ‘Only for PhD’ श्रेणी के अभ्यर्थियों को पर्याप्त अवसर नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विभाग में 150 से अधिक पीएचडी सीटें होने के बावजूद सीमित संख्या में उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया.

छात्रों ने दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी पात्र अभ्यर्थियों को उचित अवसर देने की मांग की. विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुधा यादव का पक्ष खबर लिखे जाने तक उपलब्ध नहीं था.