दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज ने तृतीय वर्ष के छात्र अनस खान को छात्राओं को अहमदाबाद में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में ले जाने के लिए कथित तौर पर पैसे, उपहार और अन्य प्रलोभन देने के आरोप में निलंबित किया है. कॉलेज का निलंबन आदेश 6 नवंबर को जारी हुआ था और यह कार्रवाई 1 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी.

खान बीए ऑनर्स हिंदी के पांचवें सेमेस्टर के छात्र हैं. कॉलेज के आदेश के अनुसार, शिकायत, खान के जवाब और प्रॉक्टोरियल कमेटी की प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों की समीक्षा के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने महिला छात्रों, जिनमें कुछ प्रथम वर्ष की छात्राएं भी शामिल थीं, को कॉन्सर्ट के लिए अहमदाबाद जाने के लिए आर्थिक लाभ, उपहार और अन्य सुविधाओं का प्रस्ताव दिया.

निलंबन अवधि में खान कॉलेज की नियमित शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. हालांकि, तीसरे वर्ष के छात्र होने के कारण उन्हें निर्धारित विश्वविद्यालय परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी गई है. लंबित आंतरिक मूल्यांकन या असाइनमेंट पूरे करने के लिए वे प्रॉक्टर की पूर्व अनुमति से परिसर आ सकते हैं.

कॉलेज ने खान से लिखित undertaking जमा करने को कहा है. इसमें उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई की गंभीरता स्वीकार करने और भविष्य में ऐसी गतिविधि या अनुशासनहीनता दोबारा नहीं करने का आश्वासन देना होगा. आदेश में कहा गया है कि दोबारा गंभीर उल्लंघन होने पर उचित प्रक्रिया के तहत कॉलेज से निष्कासन समेत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

खान राष्ट्रीय छात्र संगठन NSUI से जुड़े रहे हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में NSUI समर्थित उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था. NSUI ने कहा है कि उसने 12 सितंबर को ही खान को कथित संगठन-विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया था. संगठन ने कथित व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि खान अब उससे जुड़े नहीं हैं और उसकी गतिविधियों में हिस्सा लेने के अधिकृत नहीं हैं.

ABVP ने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है. संगठन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित WhatsApp संदेशों का हवाला देते हुए कहा कि उनमें छात्राओं के लिए कॉन्सर्ट यात्रा और अन्य सुविधाएं जुटाने की बात कही गई थी. ABVP ने यह भी स्पष्ट किया कि संदेशों की प्रामाणिकता और आरोपों की पुष्टि उचित जांच के बाद ही होनी चाहिए.