दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव की मतगणना शनिवार, 19 सितंबर को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई. 18 सितंबर को हुए मतदान के बाद विश्वविद्यालय के चार केंद्रीय पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—के लिए नतीजे घोषित किए जाएंगे.

मतगणना से पहले दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तर और दक्षिण कैंपस में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं. उत्तर कैंपस को पांच जोन और 23 सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की गई है. कॉलेज गेट और प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग तथा जांच की व्यवस्था की गई है.

इस वर्ष चुनाव में 20 उम्मीदवार चार केंद्रीय पदों के लिए मैदान में थे. अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष के लिए पांच, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए चार-चार उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा. मतदान करीब 1,000 Electronic Voting Machines (EVMs) के जरिए कराया गया.

दिल्ली विश्वविद्यालय के अनुसार, मतगणना केंद्रीय स्थल पर होगी और सत्यापन के बाद आधिकारिक परिणाम घोषित किए जाएंगे. सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य अनधिकृत प्रवेश, भीड़ और किसी भी संभावित टकराव को रोकना है.