दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ यानी डूसू चुनाव से पहले विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक, प्रचार, मतदान और मतगणना के दौरान 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज प्राचार्यों, छात्रावास अधिकारियों और दिल्ली पुलिस के साथ सुरक्षा एवं मतदान व्यवस्था की समीक्षा की है. कुलपति ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन की ओर से छात्रों के लिए पहचान-पत्र से जुड़े नियम भी सख्त किए गए हैं. बिना वैध आई-कार्ड के परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस और कॉलेज सुरक्षा दलों की विशेष टीमें तैनात रहेंगी.
डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को और मतगणना 19 सितंबर को होगी. विश्वविद्यालय ने निगरानी बढ़ाने के लिए उत्तर और दक्षिण परिसर तथा आसपास के इलाकों में करीब 600 कैमरे लगाने की व्यवस्था भी की है. यह कदम प्रचार के दौरान अनुशासन बनाए रखने और संभावित विवादों पर नजर रखने के लिए उठाया गया है.
