नई दिल्ली के द्वारका स्थित दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज के सभागार में क्रियांजलि कल्चरल एंड रिहैबिलिटेशन ट्रस्ट का सुसंस्कार-2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें दिव्यांग और वंचित वर्ग के कलाकारों ने संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं.

कार्यक्रम में फरीदाबाद की श्वेता जैन ने भजन प्रस्तुत किया. आगरा की ईशा सेठ और पुणे के निनाद अनिल शुक्ला ने शास्त्रीय गायन पेश किया, जबकि ग्वालियर के तेजस भट ने ध्रुपद की प्रस्तुति दी. गुरुग्राम की किरण बाला सिंह ने कथक नृत्य किया.

ट्रस्ट की संस्थापिका कल्पना शर्मा ने एकल कथक प्रस्तुति दी. इसके बाद उन्होंने अपनी शिष्याओं ख्याति शर्मा, रिद्धि अरोड़ा, स्वाति आनंद और रुचि खींवसरा के साथ समूह कथक प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का समापन कृष्ण भजन पर आधारित समूह नृत्य से हुआ.

आयोजकों के अनुसार, ट्रस्ट दिव्यांग और वंचित कलाकारों को मंच तथा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से काम करता है. कार्यक्रम में अलीगढ़ से भाजपा विधायक अनिल पराशर मुख्य अतिथि रहे. कॉलेज के प्राचार्य हेम चंद जैन और अन्य अतिथियों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.