दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 1 नवंबर से लागू वाहन प्रतिबंध का असर फरीदाबाद में भी दिखा. दिल्ली जाने वाले मार्गों पर पुलिस ने वाहनों की जांच तेज कर दी और बीएस-6 से कम उत्सर्जन मानक वाले वाहनों को राजधानी की सीमा में प्रवेश नहीं दिया गया.
रविवार को सुबह से शाम तक बीएस-4 मानक वाले 100 से अधिक वाहनों को बॉर्डर से वापस लौटाया गया. पुलिसकर्मी वाहनों के प्रदूषण मानक और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं.
फरीदाबाद पुलिस ने बदरपुर बॉर्डर, मीठापुर-दुर्गा बिल्डर एमसीडी टोल, सूरजकुंड-प्रहलादपुर रोड, शूटिंग रेंज, मांगर-मेहरौली रोड, बसंतपुर और इस्माइलपुर समेत आठ से अधिक स्थानों पर नाके लगाए हैं.
परिवहन विभाग के अनुसार फरीदाबाद-पलवल के करीब 45 हजार वाहन इस प्रतिबंध के दायरे में आते हैं. इनमें लगभग 18 हजार वाणिज्यिक और 27 हजार निजी वाहन शामिल हैं.
प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है. बीएस-6 मानक वाले वाहनों के साथ सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को नियमों के तहत छूट दी गई है. यह प्रतिबंध 31 जनवरी 2027 तक लागू रहने की जानकारी दी गई है.
