फरीदाबाद के एक होटल के कमरे में दिल्ली विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय B.Com छात्रा अरुणा का शव मिला है. पुलिस के अनुसार, वह सोमवार को अपने पड़ोसी विपिन यादव के साथ होटल में ठहरी थी. घटना के बाद से विपिन लापता है और उसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि अरुणा सोमवार सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी. परिवार की उससे दोपहर करीब 3 बजे तक बातचीत हुई, इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. मंगलवार सुबह परिजनों ने धौज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. इसी दौरान होटल कर्मचारियों ने कमरे में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी.
कमरे से चूहे मारने की दवा की बोतल और एक हस्तलिखित नोट मिलने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, कथित नोट पर विपिन यादव के हस्ताक्षर हैं और उसमें छात्रा की हत्या करने तथा आगरा नहर में कूदने का उल्लेख है. पुलिस नोट की वास्तविकता और लिखावट की जांच कर रही है.
मामले में हत्या से जुड़ी धाराएं जोड़ी गई हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस ने कहा है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा और घटना का उद्देश्य अभी सामने नहीं आया है.
