नई दिल्ली के पुराना किला में शुक्रवार, 20 नवंबर को पहला शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद मंच शुरू होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 5:30 बजे इसका उद्घाटन करेंगे और उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे. तीन दिवसीय आयोजन 22 नवंबर तक चलेगा.
मंच का उद्देश्य एससीओ सदस्य और साझेदार देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक सहयोग और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना है. यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के सितंबर 2025 में तियानजिन में हुए एससीओ शिखर सम्मेलन के प्रस्ताव के बाद आकार ले रही है. प्रस्ताव को बाद में बिश्केक घोषणा में समर्थन मिला था.
उद्घाटन कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और विजुअल स्टोरीटेलिंग पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी. ‘अस्तित्व’ प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास से जुड़े पुरातात्विक अवशेष, कलाकृतियां और स्थापत्य अंश दिखाए जाएंगे. 18वीं सदी का चित्रित महाभारत स्क्रॉल भी प्रदर्शित किया जाएगा.
21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्रों में कला-वास्तुकला, भाषा-साहित्य, प्रदर्शन कलाओं, खान-पान, पारंपरिक खेलों और दार्शनिक परंपराओं पर विद्वान व विशेषज्ञ चर्चा करेंगे.
