दक्षिण दिल्ली के निजामुद्दीन क्षेत्र में हुमायूं के मकबरे, सुंदर नर्सरी और निजामुद्दीन दरगाह के आसपास लगने वाले जाम को कम करने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव का प्रस्ताव है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सब्ज बुर्ज गोलचक्कर पर यातायात दबाव घटाने के लिए संबंधित विभागों और संस्थाओं को कई सुझाव दिए हैं.

प्रस्ताव के अनुसार, लोधी रोड से आने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर के बाद सुब्रह्मण्यम भारती टी-प्वाइंट से यू-टर्न देकर गोलचक्कर की ओर लाया जा सकता है. गोलचक्कर के आसपास बने चबूतरों की चौड़ाई कम कर सड़क का उपयोगी हिस्सा बढ़ाने का सुझाव भी दिया गया है.

हुमायूं के मकबरे के प्रवेश और निकास द्वार को मथुरा रोड पर सबवे के नजदीक स्थानांतरित करने पर विचार है. सुंदर नर्सरी की पार्किंग के प्रवेश और निकास द्वार अलग करने तथा मकबरे के पास स्थित ITI कॉलेज में वैकल्पिक पार्किंग बनाने का भी प्रस्ताव है.

मथुरा रोड पर दरगाह की ओर जाने वाले मार्ग के मुहाने पर ऑटो और अन्य वाहनों के खड़े रहने से भी जाम की स्थिति बनती है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इसका असर भोगल, ओबरॉय फ्लाईओवर और लोधी रोड-सुंदर नर्सरी मार्ग तक दिखाई देता है.