नई दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली INDIA bloc की रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस के अनुसार, आयोजन स्थल तथा आसपास करीब 250 CCTV कैमरे लगाए गए हैं. संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ की आवाजाही पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
रैली के दौरान प्रवेश और निकास मार्गों, संवेदनशील स्थानों तथा प्रमुख सड़कों पर निगरानी रखी जाएगी. पुलिस ने आयोजकों को कार्यक्रम शाम 5 बजे तक समाप्त करने और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से हटाने की शर्त दी है. भड़काऊ भाषण, हिंसा और आयोजन स्थल से बाहर मार्च रोकने की जिम्मेदारी भी आयोजकों पर रहेगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन की योजना बनाई है. ITO, दिल्ली गेट, अजमेरी गेट, मिंटो रोड और तुर्कमान गेट के आसपास जाम की आशंका जताई गई है.
पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली की अनुमति की पुष्टि की है, लेकिन कनॉट प्लेस-मिंटो रोड से प्रस्तावित मार्च के लिए संबंधित जिलों से अनुमति मांगे जाने की जानकारी नहीं है.
