नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक होने वाले पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के लिए भारत ने पाकिस्तान समेत संगठन के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है. यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को भेजा गया पहला ऐसा औपचारिक निमंत्रण है.
भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया है. हालांकि, पाकिस्तान ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह किस प्रतिनिधि को भेजेगा या मंत्री खिची बैठक में शामिल होंगे या नहीं.
इस फोरम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से किया जाना है. इसका उद्देश्य SCO सदस्य देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक सहयोग और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देना है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान के दुशांबे में SCO शासनाध्यक्षों की बैठक के दौरान भारत में इस मंच की मेजबानी की घोषणा की थी. निमंत्रण SCO के बहुपक्षीय ढांचे के तहत है; इसे भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत बहाल होने या नीति में बदलाव के रूप में नहीं देखा जा सकता.
