दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक यात्री को CISF कर्मियों ने पकड़ लिया. घटना 17 अक्टूबर की बताई गई है और इसका CCTV फुटेज सामने आया है.
अधिकारियों के अनुसार, यात्री ने अपना बैग एक्स-रे जांच के लिए रखा था. स्क्रीन पर घनी वस्तु दिखाई देने के बाद वह फोन पर बात करते हुए महिला सुरक्षा जांच क्षेत्र की ओर बढ़ा और अचानक स्टेशन से बाहर भागने लगा. दो CISF कर्मियों ने उसका पीछा किया. एक जवान ने निकास द्वार नंबर 1 के पास उसे पकड़ लिया.
CISF के मुताबिक, सामान की आगे जांच में उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में अर्धठोस पदार्थ छिपा मिला. प्रारंभिक जांच में पदार्थ का वजन 155 ग्राम बताया गया और उसे सोने जैसा पाउडर कहा गया है. अधिकारियों ने पहले इसके मादक पदार्थ होने की आशंका जताई थी, लेकिन नारकोटिक्स विभाग की जांच में यह संभावना खारिज कर दी गई.
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद शुऐब के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह कुआलालंपुर से 16 अक्टूबर को भारत आया था और जामा मस्जिद इलाके के एक होटल में ठहरा था. मामला सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है.
