नई दिल्ली. जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर चल रही भूख हड़ताल के नौवें दिन NSUI सचिव एबिन बेसिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्हें चक्कर आने और रक्त में शुगर का स्तर कम होने की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया.

NSUI की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, बेसिल की तबीयत में फिलहाल सुधार है. संगठन ने कहा कि वह छात्रसंघ बहाल करने, प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने और मुख्य प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.

संगठन के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद बेसिल ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है. इस बीच, जामिया प्रशासन ने छात्रों से संवाद और विवाद के समाधान के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की है. समिति छात्रों से बातचीत करने और परिसर में स्थिति सामान्य करने के उपायों पर विचार करेगी.

छात्रों की मांगों और परिसर में हुई कार्रवाई को लेकर प्रशासन तथा प्रदर्शनकारियों के बीच मतभेद बने हुए हैं.