नई दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में पूर्व छात्र और विश्वविद्यालय के संस्थापकों के परिवार सामने आए हैं. उन्होंने छात्रों की मांगों को लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया और विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संस्थापकों के परिवारों ने सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया. इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली और परिसर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए.
यह आंदोलन छात्रसंघ की बहाली और चुनाव की स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग को लेकर चल रहा है. जामिया प्रशासन ने नए छात्रसंघ संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिन के भीतर चुनाव कराने की बात कही है. हालांकि, कुछ प्रदर्शनकारी छात्र आदेश में स्पष्टता नहीं होने का हवाला देते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं.
प्रदर्शन के दौरान निलंबन, कारण बताओ नोटिस और सुरक्षा कर्मचारियों की कार्रवाई से जुड़े मामलों को लेकर भी छात्रों ने आपत्ति जताई है.
