नई दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से विश्वविद्यालय प्रशासन संवाद करेगा. इसके लिए प्रशासन ने सात सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की है. समिति छात्रों की मांगों और शिकायतों की समीक्षा करने के साथ कैंपस में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में कदम उठाएगी.

विश्वविद्यालय के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के बाद 18 अक्टूबर को समिति बनाने का निर्णय लिया गया. बैठक में कुलपति मजहर आसिफ, रजिस्ट्रार एम. महताब आलम रिजवी, विभिन्न संकायों के डीन, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, चीफ प्रॉक्टर और हॉस्टल अधिकारियों समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए.

छात्र 12 अक्टूबर से छात्रसंघ बहाल करने और चुनाव कराने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. जामिया का छात्रसंघ 2006 से भंग है. हालिया विरोध के दौरान कुछ छात्रों पर विश्वविद्यालय ने अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की है. छात्रों की ओर से छात्रसंघ बहाली, कार्रवाई वापस लेने और विरोध से जुड़े घटनाक्रम की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है. समिति के गठन से बातचीत की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, लेकिन छात्रसंघ बहाली पर अभी कोई अंतिम निर्णय घोषित नहीं किया गया है.