नई दिल्ली में जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए निलंबित की जाएंगी. दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर जारी आदेश के अनुसार, जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग से चार किलोमीटर के दायरे में 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर रोक रहेगी.
आदेश दिल्ली पुलिस के उप पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से Airtel, Vodafone-Idea, Jio और MTNL को भेजा गया है. इसमें दूरसंचार विभाग से संबंधित नियमों और Telecommunications Act, 2023 के प्रावधानों का हवाला देते हुए सेवा प्रदाताओं से आदेश लागू करने को कहा गया है.
यह कदम Cockroach Janata Party (CJP) और अन्य संगठनों की ओर से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उठाया गया है. प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताने वाले हैं.
इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में मेट्रो और राजधानी आने वाली ट्रेनों पर लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर सरकार से सवाल किए थे. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था संबंधी व्यापक इंतजाम भी किए हैं.
