दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर 13 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन से जुड़े मामलों की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंप दी है. पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज हैं.

ये FIR कनॉट प्लेस और संसद मार्ग थानों में दर्ज की गई थीं. पुलिस का कहना है कि अब मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल करेगी.

दो थानों में दर्ज धाराएं

कनॉट प्लेस थाने की FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223A, 332 और 61(2) लगाई गई हैं. पुलिस के मुताबिक, ये धाराएं सरकारी आदेश का पालन नहीं करने, अपराध के इरादे से किसी परिसर में प्रवेश करने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं.

संसद मार्ग थाने में दर्ज दूसरी FIR में BNS की धारा 221, 115(2), 132, 121(1) और 3(5) शामिल हैं. पुलिस ने इन धाराओं को सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा पहुंचाने, चोट पहुंचाने, ड्यूटी से रोकने के लिए हमला या बल प्रयोग करने तथा साझा मंशा से जुड़ा बताया है.

पुलिस के आरोप और हिरासत

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान CJP सदस्यों को जंतर-मंतर क्षेत्र में प्रवेश के बाद हिरासत में लिया गया था. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारी निजी परिसर के रास्ते जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक, उस स्थान को एक दिन पहले प्रदर्शन स्थलों की अधिसूचित सूची से हटाया गया था. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर अपने कर्मियों को सरकारी काम करने से रोकने का भी आरोप लगाया है.

सौरव दास और आशुतोष रांका को 14 अक्टूबर को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. बाद में मंदिर मार्ग थाने में नवनियुक्त विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के बाद उनकी न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई.

मामले में CJP के एक अन्य सदस्य अजिंक्य शिंदे को छह महीने तक शांति और अच्छा व्यवहार बनाए रखने के लिए पीस बॉन्ड पर पाबंद किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. उन्हें निजी मुचलके और 5,000 रुपये की जमानत राशि पर छोड़ा गया.